
आलोट। नगर के विक्रमगढ़ क्षेत्र से एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 14 निवासी मनीष (22) पिता दिनेश माली शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे घर से बाजार जाने का कहकर निकला था, जो देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताई है।
परिजनों ने पुलिस थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि देर रात तक मनीष के घर न लौटने पर संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने यह भी आशंका जताई है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक उसे अपने साथ ले गया हो सकता है।
पुलिस ने युवक की तलाश के लिए हुलिया जारी किया है। मनीष का रंग गेहूंआ, कद करीब 5 फीट 4 इंच और शरीर दुबला-पतला बताया गया है। वह अंतिम बार नीले रंग की टी-शर्ट और जींस पैंट पहने हुए देखा गया था।
पुलिस ने एनसीआरबी के तहत गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल लोकेशन सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है।
