मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अल्प प्रवास पर रतलाम पहुंचे. जहां उन्होंने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की माताजी के निधन शोक व्यक्त कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए. मुख्यमंत्री सीधे मंत्री निवास वीसाजी मेंशन पहुंचे थे जहाँ वह शोक बैठक में शामिल हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंत्री चेतन्य काश्यप और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त की. मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे.सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की.

मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप की माताजी तेजकुंवरबाई काश्यप का निधन 83 वर्ष की आयु में 11 अक्टूबर को हो गया था. इसके बाद आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शोक संवेदना व्यक्त करने कैबिनेट मंत्री के घर पहुंचे थे. डॉ मोहन यादव ने कहा की मात्र 5 वर्ष की आयु में चेतन्य काश्यप जी ने अपने पिता और उनकी माता ने 21 वर्ष की आयु में अपने पति को खो दिया था. उन्होंने अदम्य साहस और धैर्य के साथ परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं और विकट परिस्थितियों में चेतन्य जी शिक्षा दीक्षा दी एवं सुसंस्कारों से सिंचित किया. परमात्मा की कृपा रही कि उनके जीवन काल में ही पूरा परिवार प्रगति के पथ पर आगे बड़ा और समाज सेवा के कार्यों में जुड़ा रहा हैं.

रतलाम में अल्प प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने हेलीपैड पर ही जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी से मुलाकात की और भोपाल के लिए रवाना हो गए. मुख्यमंत्री के डर के दौरान रतलाम में पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर रहा और जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी.
