राजस्थान पंचायत चुनाव में विधायक कमलेश्वर डोडियार को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, कुशलगढ़ और छोटी सरवन क्षेत्र के बनाए गए चुनाव प्रभारी
रतलाम

मध्यप्रदेश के सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार को राजस्थान में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की ओर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत ने केंद्रीय एकीकरण समिति के निर्देशन में विधायक कमलेश्वर डोडियार को राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र एवं छोटी सरवन इलाके का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।
इस नियुक्ति के बाद विधायक कमलेश्वर डोडियार कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र और छोटी सरवन इलाके में भारत आदिवासी पार्टी के जिला परिषद, पंचायत समिति एवं सरपंच पद के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके साथ ही वे पार्टी प्रत्याशियों के बीच समन्वय स्थापित करने, चुनावी रणनीति तैयार करने, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी बतौर चुनाव प्रभारी संभालेंगे।
विधायक कमलेश्वर डोडियार की नियुक्ति को राजस्थान में भारत आदिवासी पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और पंचायत स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
भारत आदिवासी पार्टी का लक्ष्य पंचायत स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करना, स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। चुनाव प्रभारी के रूप में विधायक कमलेश्वर डोडियार पार्टी के उम्मीदवारों के साथ समन्वय बनाकर चुनावी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाएंगे।




