
आलोट / ताल । छेड़छाड़ की घटना के विरोध में क्षेत्र में जनाक्रोश उभरकर सामने आया। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण ताल-जावरा मार्ग स्थित चंबल नदी पुलिया पर एकत्रित हुए और चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन ताल बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवती के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवराज सिंह को हिरासत में ले लिया था। इसके बावजूद ग्रामीणों में आक्रोश कम नहीं हुआ और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर लोग सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने, सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालने और अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की मांग की। मौके पर स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
काफी देर तक चले चक्काजाम के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में प्रशासनिक समझाइश के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी। पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

