
रतलाम के सेमलिया गांव में दिवंगत शिक्षक गजराज सिंह राठौर की स्मृति में राठौर परिवार द्वारा प्रेरणादायक पहल करते हुए गांव के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
शासकीय स्कूल सेमलिया में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में पांचवीं, आठवीं एवं दसवीं कक्षा के टॉपर विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में कक्षा दसवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रदीप डोडिया को ₹10000 नगद पुरस्कार दिया गया।
वहीं आठवीं की टॉपर छात्रा रुखसार शाह एवं पांचवीं की टॉपर छात्रा देविका गोयल को ₹5000-₹5000 नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सांत्वना पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।राठौर परिवार ने घोषणा की कि गांव में हर वर्ष कक्षा दसवीं के टॉपर विद्यार्थी को ₹10000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
इसके साथ ही नवोदय विद्यालय कालूखेड़ा में चयनित विद्यार्थियों के परिजनों का सम्मान किया गया तथा गांव की पहली एमबीबीएस चयनित छात्रा कृतिका मालवीय के पिता दिनेश मालवीय को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ शिक्षक गजराज सिंह राठौर ने रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में वर्षों तक शिक्षा, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनके निधन के बाद उनके भाई आनंदपाल सिंह राठौर एवं पुत्र वैभव सिंह राठौर द्वारा उनकी स्मृति में यह सम्मान योजना प्रारंभ की गई।
कार्यक्रम में अर्पिता, ईशू, चंचल, साक्षी एवं जोया को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाराज राम प्रताप सिंह राठौर, प्राचार्य पुष्कर मालवीय, पूर्व सरपंच नरेंद्र जैन, पूर्व सरपंच प्रहलाद धबाई, जगदीश बंधु, पूर्व शिक्षक बसंतीलाल परमार, शिवनाथ सिंह राठौर, राजेश गोस्वामी एवं पत्रकार दिव्यराज सिंह सहित स्कूल स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

