
नई दिल्ली
दिल्ली हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. 15 अगस्त यानी कि स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हाईकोर्ट, लाल किला, दिल्ली मेट्रो, आईजीआई एयरपोर्ट समेत कई जगहों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल भेजे जाने से हड़कंप मच गया है. इस मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस से की गई है. दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं. दिल्ली हाई कोर्ट को 15 अगस्त से पहले खालिस्तान के नाम पर धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है.
दिल्ली हाई कोर्ट और दिल्ली मेट्रो को बम से उड़ाने की धमकी
इस ई मेल में दिल्ली हाईकोर्ट में 15 अगस्त को दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर धमाके का दावा किया गया है. वहीं डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में 3 बजकर 11 मिनट पर बम ब्लास्ट की धमकी दी गई है. ईमेल में लिखा है- ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’. धमकी भरे मैसेज में दिल्ली हाई कोर्ट के साथ ही दिल्ली मेट्रो और अंबाला जाने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. इसमें बब्बर खालसा (Parmar-Canada) का नाम लिखा है.
दिल्ली हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अधिकारियों का कहना है कि उनकी धमकी झूठी होने की बात कही गई है पुलिस इससे निपटने के लिए सभी सुरक्षा उपाय कर रही है.
