
आलोट में अखिल भारतीय सौंधवाड़ी राजपूत महासभा के तत्वावधान में आयोजित 21वां सामूहिक विवाह सम्मेलन खेड़ापति हनुमान मंदिर प्रांगण, पालनगरा में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में 13 वर-वधू वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह सूत्र में बंधे। आचार्य मिथिलेश मेहता ने शास्त्रोक्त विधि से सभी जोड़ों के फेरे संपन्न कराए।

कार्यक्रम में संत श्री जुवान सिंह चौहान बासाब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि मार्गदर्शक मंडल सदस्य नारायण सिंह चौहान (महिदपुर) की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं जनपद अध्यक्ष कालू सिंह परिहार ने की। इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर सिंह बना, जिला अध्यक्ष भगवान सिंह चौहान, युवा जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह परिहार, जिला महासचिव किशोर सिंह परिहार एवं पूर सिंह चौहान सहित समाज के अनेक पदाधिकारी मंचासीन रहे।

सम्मेलन ने सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुए सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा दिया। आयोजकों ने बताया कि सामूहिक विवाह का उद्देश्य समाज में बढ़ती आडंबरपूर्ण परंपराओं पर रोक लगाना और जरूरतमंद परिवारों को कम खर्च में सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान करना है। इसी सोच के साथ समाजजन वर्षों से इस आयोजन को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम में नवविवाहित 13 जोड़ों को समाज एवं वरिष्ठजनों के सहयोग से उपयोगी सामग्री भेंट की गई। भोजन व्यवस्था में भी समाज के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का सराहनीय सहयोग रहा।

कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मण सिंह परिहार (भोजाखेड़ी) द्वारा किया गया, जबकि आभार किशोर सिंह परिहार (थुरिया) ने व्यक्त किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

