मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई
सैलाना
भारत आदिवासी पार्टी, जिला रतलाम द्वारा 25 अक्टूबर 2026 को तहसील कार्यालय सैलाना में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सैलाना तहसीलदार प्रतिभा भावर को सौंपकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जाँच कराने, मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा की मांग उठाई गई।
पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी रखी। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित न होना पड़े।
ज्ञापन में SIR प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जाँच कराने, निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं हटाने, प्रभावित नागरिकों को आपत्ति दर्ज कराने एवं सुनवाई का उचित अवसर देने तथा अनियमितता की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई।
पार्टी ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की रक्षा और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा आवश्यक है।
ये पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारत आदिवासी पार्टी के जिला अध्यक्ष चंदू मईडा, राष्ट्रीय सदस्य कविता भगोरा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष संगीता कटारा, जिला उपाध्यक्ष सुनील निनामा, सरपंच संजू मईडा, खराड़ी ब्लॉक अध्यक्ष कालूसिंह डोडियार, शिवगढ़ उपाध्यक्ष सीताराम भावर, सैलाना मंडल अध्यक्ष प्रकाश खराड़ी सहित रमेश खराड़ी, संजय मईडा, ईश्वर डोडियार, प्रकाश निनामा, पंकज मईडा, शंकर राणा, फणीश्वर मईडा, कमल सिंघाड़ा, नारायण निनामा, रामलाल निनामा, धनजी निनामा, श्यामलाल निनामा, गंजी निनामा, राकेश मईडा, कांजी निनामा एवं बापूराम निनामा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारत आदिवासी पार्टी, जिला रतलाम ने कहा कि मताधिकार एवं लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा जिले में 18 साल पूरे करने वाले कई नौजवानों के नाम नहीं जोड़ने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं अदालतों में लड़ाई के साथ साथ हम संवैधानिक अधिकारों का उपयोग कर वोट चोरी के ख़िलाफ़ बड़ा आंदोलन तैयार करेंगे ताकि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की जा सके





