
महंगाई के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, सैलाना में पैदल मार्च
सैलाना
शक्कर-तेल समेत खाद्य वस्तुओं के बढ़ते दामों के खिलाफ प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
शक्कर, चाय, खाद्य तेल सहित रोजमर्रा की जरूरत की खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस ने सैलाना में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम अध्यक्ष एवं सैलाना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक कार्यालय से सैलाना थाने तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में नारेबाजी करते हुए आमजन को प्रसाद के रूप में शक्कर वितरित कर सरकार का ध्यान बढ़ती कीमतों की ओर आकर्षित किया।
पैदल मार्च के दौरान पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत ने कहा कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों ने आम परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। शक्कर, चाय और खाद्य तेल जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है।
जुलूस सैलाना थाने पहुंचने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार मनीष जैन को सौंपा। ज्ञापन का वाचन जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत ने किया।
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि शक्कर, चाय, खाद्य तेल एवं अन्य आवश्यक खाद्य सामग्रियों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों के सामने दैनिक जरूरतें पूरी करने की चुनौती बढ़ रही है। कांग्रेस ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की नियमित निगरानी, जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई तथा आम जनता को उचित मूल्य पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश डिंडोर, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, पार्षद मंगलेश कसेरा, दिनेश सोनी, हनी गेहलोत, हेमंत कुमावत, वजेसिंह खराड़ी, श्यामलाल, निर्भय सिंह लबाना, सेवालाल, समरथ टांक सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर के वरिष्ठजन मौजूद रहे।
पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत ने कहा कि महंगाई का सबसे सीधा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ता है। सरकार को बढ़ती कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में राहत नहीं मिली तो कांग्रेस आम जनता के हित में आंदोलन को और व्यापक करेगी।
कांग्रेस ने राज्य शासन से बढ़ती महंगाई का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दाम नियंत्रित करने तथा आम जनता को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।




