
रतलाम/सैलाना। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उज्जैन लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सैलाना तहसील के हल्का क्रमांक 26 के पटवारी कैलाश वडख्या को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी को नायब नाजिर कक्ष में ट्रैप किया गया।लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अडवानिया निवासी आवेदक जितेंद्र पाटीदार ने 10 अप्रैल 2026 को उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया था कि उसके पिता ईश्वरलाल पाटीदार के नाम सैलाना एवं बागरियों की खेड़ी में करीब 5 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसके सीमांकन के लिए 22 जनवरी 2026 को लोकसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया गया था, लेकिन लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हुई।
आवेदक के अनुसार 9 मार्च 2026 को तहसील कार्यालय में पटवारी से संपर्क करने पर उसने सीमांकन के लिए 30 हजार रुपए की मांग की। बाद में 9 अप्रैल को पटवारी स्वयं आवेदक के घर पहुंचा और रिश्वत की मांग दोहराई। शिकायत की तस्दीक के दौरान मांग की पुष्टि होने पर लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी ने पूर्व में तय राशि में से 3 हजार रुपए पहले ही ले लिए थे और शेष 20 हजार रुपए लेते समय उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया। ट्रैप की कार्रवाई महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा सहित टीम के सदस्य हितेश ललावत, विशाल रेशमिया, उमेश और श्याम शर्मा शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
