
आलोट क्षेत्र के खजूरी सोलंकी में मनरेगा योजना बंद किए जाने के विरोध में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेता अजीत प्रेमचंद गुड्डू ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मनरेगा योजना के माध्यम से गांव-गांव में बेरोजगार लोगों को रोजगार देने का वादा किया था और हर मजदूर को काम की गारंटी दी थी। इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल रहा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा योजना को बंद किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी बढ़ी है और गांव के मजदूरों को रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को अवसर मिला तो गांव-गांव में पुनः रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे और मजदूरों को काम की गारंटी दी जाएगी।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही। ग्रामीण जन ने बताया कि योजना बंद होने के बाद आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है और मजदूरी के अवसर कम हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान सरकार से योजना पुनः प्रारंभ करने की मांग की गई।



