
सैलाना
सैलाना साइबर अपराधों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन’ अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 2 में साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने भाग लेकर साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में एसडीओपी नीलम बघेल ने नागरिकों को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड तथा अन्य साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को लालच, डर या झूठे प्रलोभन में फंसाकर ठगी करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क और जागरूक रहना आवश्यक है।
अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल पर प्राप्त संदिग्ध संदेशों एवं कॉल पर भरोसा न करें तथा किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम/डेबिट-क्रेडिट कार्ड का नंबर, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी हो जाए तो बिना समय गंवाए तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ित की सहायता की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में पुलिस के साथ-साथ आमजन की जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद सलोनी मांडोत, प्रशांत मांडोत, जितेंद्र सिंह राठौर, कप्तान बैरागी, संजय शर्मा, गणपत पाटीदार, कारूलाल कसेरा, राहुल पाटीदार, सुरेश पाटीदार सहित वार्ड क्रमांक 2 एवं 3 के बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे। सभी ने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।




