
आलोट। स्कूल चलें अभियान के अंतर्गत नगर के सांदीपनि विद्यालय में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रचना शर्मा एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी दिलीप शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया।इस दौरान विद्यालय प्राचार्य द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। अपने संबोधन में रचना शर्मा ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण एवं भविष्य के सपनों को स्पष्ट रूप से तय करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ सामान्य ज्ञान पर भी ध्यान देना आवश्यक है और विद्यार्थियों को आने वाले समय में विभिन्न जिम्मेदारियाँ निभाने के लिए अभी से तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से सावधान रहने तथा इंटरनेट का उपयोग केवल शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए करने की सलाह दी। साथ ही डिजिटल कक्षाओं के बेहतर उपयोग, बड़े सपने देखने और उनके विश्लेषण पर भी जोर दिया।
विद्यार्थियों को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपने-अपने सपनों को लिखकर शिक्षक को दिखाने का गृहकार्य भी दिया गया। वन-टू-वन सत्र में विद्यार्थियों से उनके पसंदीदा विषयों को लेकर चर्चा की गई।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी दिलीप शर्मा ने अपने संबोधन में प्राचीन एवं वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के अंतर को समझाया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गोपाल पोरवाल ने किया तथा आभार प्रदर्शन पूजा अग्रावत द्वारा किया गया।

