
आलोट तहसील के तालोद में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के अंतर्गत आयोजित किसान चौपाल में खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने पर विशेष फोकस किया गया। एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह ने किसानों को उन्नत तकनीकों, जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने तथा फसलों के मूल्य संवर्धन की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने कहा कि सरकार द्वारा इस वर्ष को कृषि वर्ष घोषित कर किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लागत कम और मुनाफा अधिक करने के लिए किसानों को चरणबद्ध तरीके से जैविक खेती की ओर बढ़ना होगा। उन्होंने बताया कि जिले में कई किसान वैज्ञानिक पद्धति से जैविक खेती कर बेहतर लाभ अर्जित कर रहे हैं और बाजार में जैविक उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।
चौपाल में क्षेत्र की प्रमुख फसलें लहसुन, संतरा और नींबू के लिए प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। साथ ही नींबू के छिलकों से सिट्रस ऑयल निर्माण इकाई स्थापित करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और कृषि विभाग के अधिकारियों के मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग को नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन से जुड़े प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
किसान चौपाल में जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम आलोट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




