
आलोट। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में नगर के सान्दीपनि विद्यालय ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी उत्कृष्ट रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है।
कक्षा 10वीं में कुल 117 विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 108 विद्यार्थी सफल रहे। इस प्रकार विद्यालय का परिणाम 92.3 प्रतिशत रहा। वहीं कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम 89.2 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो विद्यालय की निरंतर प्रगति को दर्शाता है।
मेधावी विद्यार्थियों में कक्षा 10वीं से गायत्री यादव ने 94.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 12वीं में चेतना सोलंकी ने 87.4 प्रतिशत अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए विद्यालय सहित अपने माता-पिता का नाम रोशन किया।
विद्यालय प्रबंधन की सुव्यवस्थित व्यवस्था, अतिरिक्त कक्षाएं, निदानात्मक शिक्षण पद्धति तथा शिक्षकों व विद्यार्थियों की मेहनत का ही परिणाम है कि परीक्षा परिणाम में लगातार सुधार हो रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में कक्षा 10वीं के परिणाम में 8 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं में 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
विद्यालय के प्राचार्य फिरोज खान एवं उपप्राचार्य, पीयूष शर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का प्रतिफल है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं में निर्भय सिंह परिहार, सीताराम मोरी, श्रीमती मीनल जैन, सुश्री शानू दायमा, श्रीमती पूजा अग्रावत, डॉ. शिवांगी मिठोलिया, श्रीमती निर्मला बहेड़िया,गोपाल पोरवाल,कमलेश बारोड़, श्रीमती रेखा विश्वकर्मा, सुश्री इशिका खिची,उमेश रांगी, श्रीमती मोनिका शर्मा, जगदीश चन्द्र शर्मा, शक्ति सिंह चौहान एवं सुश्री पूजा कारपेंटर सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


