
आलोट। जनपद पंचायत आलोट अंतर्गत ग्राम पंचायत शेरपुरखुर्द में शासकीय हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन कराने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत और विद्यार्थियों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा क्षेत्रीय विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय को ज्ञापन सौंपकर कक्षा 12वीं तक मान्यता प्रदान करने की मांग की गई थी।
ज्ञापन में बताया गया था कि ग्राम शेरपुरखुर्द में वर्तमान में शासकीय हाई स्कूल में कक्षा 10वीं तक ही पढ़ाई संचालित हो रही है, जबकि विद्यालय परिसर में हायर सेकेंडरी के लिए भवन भी उपलब्ध है।
इसके बावजूद विद्यालय को अब तक कक्षा 11वीं और 12वीं की मान्यता नहीं मिल पाई है, जिससे आसपास के करीब 15 से 20 गांवों के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। दूरी और आर्थिक स्थिति के कारण कई विद्यार्थी पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते हैं, वहीं बालिकाओं को विशेष रूप से कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र अग्रेषित कर ग्राम पंचायत की भावना के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी रतलाम द्वारा समग्र शिक्षा अभियान की वार्षिक कार्य योजना में शेरपुरखुर्द हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नयन के लिए प्रस्ताव प्रेषित कर लिया गया है।
ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही विद्यालय को हायर सेकेंडरी का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।


