आलोट। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आलोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 किलो 147 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना आलोट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अफीम की तस्करी कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 7 मार्च 2026 को बरखेड़ा-आलोट रोड स्थित नारायणी फंटा क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी राहुल पिता मांगी चन्द्रवंशी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम नाथुखेड़ी को पकड़कर उसके कब्जे से 02 किलो 147 ग्राम अवैध अफीम बरामद की। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP-42-MF-0743 को भी जब्त किया गया। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 73 हजार 500 रुपए बताई जा रही है, जबकि जब्त मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आलोट में अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर अवैध मादक पदार्थ के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, एएसआई आरसी खडिया, आरक्षक दीपक पाटीदार, आरक्षक अभिनन्दन, आरक्षक अंकित काला तथा आरक्षक लोकेन्द्र शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।


