आलोट। नगर सहित आसपास के क्षेत्र में चैत्र मास की दशमी का पर्व शुक्रवार को महिलाओं द्वारा श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के भामी मोहल्ला स्थित बाबा रामदेव मंदिर, प्रेमीलागंज तथा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में स्थित वर्षों पुराने पीपल के वृक्ष के पास बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्रित होकर दशा माता का पूजन किया।

महिलाओं ने अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए व्रत रखा तथा पीपल के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उसकी परिक्रमा लगाई। पूजन के दौरान महिलाओं ने राजा नल और रानी दमयंती की कथा सुनकर घर में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
पूजन के पश्चात महिलाओं ने पीपल के वृक्ष से उसकी छाल लेकर घर पहुंचकर तिजोरी में सुरक्षित रखी, जिसे घर की दशा सुधारने का प्रतीक माना जाता है। वहीं घरों के बाहर दीवारों पर कुमकुम से स्वस्तिक बनाकर परिवार के बड़ों-बुजुर्गों का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर महिलाओं ने नई झाड़ू खरीदकर उसकी भी पूजा-अर्चना की। नगर में विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही महिलाओं की पूजा-अर्चना और परिक्रमा का क्रम चलता रहा।

