खारवाकला में नकबजनी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फरियादी आनंद पिता स्व. दिनेश पांचाल निवासी खारवाकला ने 17 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16-17 मार्च की रात उसके घर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया।

मामले की जांच पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तथा एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में की गई।
उनके निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तेजी से कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान गांव के ही अंकित पिता कालूराम पांचाल को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते फरियादी के घर में प्रवेश कर कमरे का ताला तोड़ा और करीब 40 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए, जिनमें से 10 हजार रुपये खर्च कर चुका था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चांदी का कंदोरा, चांदी की पायजेब, एक सोने की अंगूठी सहित करीब 1 लाख 50 हजार रुपये के आभूषण व 30 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूरे मामले के खुलासे में एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




