आलोट। अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए थाना आलोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पिस्टल और 8 जिंदा राउंड के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने जीवनगढ़ रोड स्थित महादेव मंदिर के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान जावर की ओर से आ रही सफेद रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 43 ZL 2994 को रोका गया। वाहन पर सवार दो युवकों से पूछताछ एवं तलाशी लेने पर एक आरोपी के पेंट के पीछे हिस्से में छुपाई गई एक अज्ञात बोर की पिस्टल बरामद हुई। मैगजीन की जांच करने पर उसमें 8 जिंदा राउंड पाए गए।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम शादाब पिता शहजाद खां मेव, उम्र 25 वर्ष निवासी खेड़ाखेड़ी नयापुरा थाना आई जावर जिला रतलाम तथा जगदीश पिता अमरनाथ कालबेलिया, उम्र 26 वर्ष निवासी खेड़ाखेड़ी नयापुरा थाना आई जावर जिला रतलाम बताए। पूछताछ में पिस्टल उज्जैन निवासी एजाज पिता उस्मान मेव से खरीदकर लाना बताया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना आलोट में अपराध क्रमांक 78/2026 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जब्त पिस्टल की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आलोट के नेतृत्व में की गई। टीम के अधिकारियों और जवानों की भूमिका सराहनीय रही।
क्षेत्र में लगातार हो रही इस तरह की सख्त कार्रवाई से अवैध हथियार रखने और खरीद-फरोख्त करने वालों को स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से बचना आसान नहीं है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।


