
आलोट / बरखेड़ा कला थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से एसडीओपी पल्लवी गौर ने थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया के साथ संवेदनशील इलाकों का औचक निरीक्षण किया। आगामी गतिविधियों और संभावित सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ से चर्चा कर बीट व्यवस्था, गश्त प्रणाली और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की समीक्षा की गई। एसडीओपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या शांति भंग की कोशिश को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जाए।
थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की उपस्थिति बढ़ाई गई है तथा रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जा रहा है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों पर निरंतर नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



