
रतलाम। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत आठवें जन औषधि दिवस पर 1 मार्च को शास्त्री नगर स्थित प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र पर आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 1200 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श का लाभ लिया। शिविर में एमएस, एमडी, ईएनटी तथा आयुर्वेदाचार्य सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
केंद्र संचालक कमल पाटीदार की मौजूदगी में शिविर का शुभारंभ समाजसेवी मोहन मुरलीवाला, पार्षद विजय सिंह चौहान, पार्षद एवं ब्लॉक अध्यक्ष आशा रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव रावत और समाजसेवी राजेंद्र पुरोहित ने किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा प्रधानमंत्री जनऔषधि योजना की जानकारी भी प्रदान की।

शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश भूरिया, वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. सत्येंद्र सिंह राजावत, हृदय रोग एवं मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. इन्द्रेश पाटीदार, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय पाटीदार तथा आयुर्वेद एवं पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र वर्मा ने निशुल्क सेवाएं दीं। बड़ी संख्या में मरीजों ने विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।

आयोजन के दौरान आयुर्वेदिक इम्युनिटी काढ़े का वितरण भी किया गया। डॉ. जितेन्द्र वर्मा के मार्गदर्शन में लगभग 700 से अधिक लोगों ने काढ़े का सेवन किया। इसके साथ ही 1 से 16 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क स्वर्णप्राशन कराया गया। आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक पुष्य नक्षत्र पर केंद्र पर स्वर्णप्राशन कराया जाता है।
शिविर में ब्लड शुगर, किडनी जांच (क्रिएटिनिन, प्रोटीन), न्यूरोपैथी, लिवर प्रोफाइल, कोलेस्ट्रॉल, फेफड़ों की जांच (स्पाइरोमेट्री) एवं सुनने की जांच (ऑडियोमेट्री) जैसी लगभग 2500 रुपये लागत की जांचें मात्र 100 रुपये में उपलब्ध करवाई गईं।
इसके अतिरिक्त गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों की सीबीसी सहित कई आवश्यक जांचें पूर्णतः निशुल्क की गईं। बड़ी संख्या में मरीजों ने रियायती दरों पर जांच सुविधा का लाभ उठाया।

