
आलोट। रतलाम जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरखेड़ा कला पुलिस ने शासकीय ट्रांसफार्मर से तेल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है।
पुलिस ने मामले में एमपीईबी के लाइन हेल्पर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के तेल से संचालित ट्रैक्टर जप्त किया है।पुलिस के अनुसार 28 मार्च 2026 को फरियादी बापू सिंह गुर्जर निवासी ग्राम निपानिया लाल द्वारा हिम्मतखेड़ी स्थित शासकीय ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इस पर थाना बरखेड़ा कला में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन के साथ एसडीओपी आलोट श्रीमती पल्लवी गोर के प्रभावी निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सोमचड़ी निवासी दशरथ सिंह राजपूत अपने ट्रैक्टर में ट्रांसफार्मर का तेल उपयोग कर रहा है। संदेह के आधार पर जांच करने पर ट्रैक्टर में चोरी के तेल का उपयोग पाया गया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने एमपीईबी के लाइन हेल्पर पीरूलाल सूर्यवंशी एवं प्रभुलाल सूर्यवंशी निवासी देवगढ़ की संलिप्तता उजागर की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा उपयोग में लिया जा रहा ट्रैक्टर जप्त कर लिया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गोर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरखेड़ा कला निरीक्षक रविंद्र दंडोतिया सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


