
रतलाम, 26 फरवरी। स्थानीय पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय आलोट 2 मध्य प्रदेश में विद्यालय की प्रबंधन समिति, सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय मेस समिति की बैठक कलेक्टर मिशा सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। साथ ही विद्यालय में आईसीआईसीआई फाउंडेशन द्वारा निर्मित हैंडबॉल एवं वॉलीबॉल सिंथेटिक कोर्ट का उद्घाटन कलेक्टर मिशा सिंह के कर कमलों से किया गया।
सर्वप्रथम कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों का पारंपरिक स्वागत विद्यालय के प्राचार्य शांतिलाल तेली एवं उप प्राचार्या सुचिता खुराना द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया। तत्पश्चात कलेक्टर द्वारा विद्यालय के अकादमिक परिसर में विभिन्न प्रयोगशालाओं, स्किल डेवलपमेंट कक्ष, अटल टिंकरिंग लैब, सैमसंग लैब, कंप्यूटर लैब, सुव्यवस्थित कार्यालय, डिजिटल कक्षाओं एवं पुस्तकालय का निरीक्षण कर विद्यालय प्रबंधन, सलाहकार एवं मेस समिति की बैठक की अध्यक्षता की गई।
बैठक में विद्यालय प्राचार्य शांतिलाल तेली द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत कर विद्यालय का परिचय, विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष मिशा सिंह ने विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। संबंधित विभागों के अधिकारियों को मुख्य मार्ग से विद्यालय भवन तक सड़क निर्माण, मुख्य मार्ग पर साइन बोर्ड एवं गेट स्थापना, जल जीवन मिशन अंतर्गत पानी प्रबंधन, प्रत्येक छह माह में स्वास्थ्य शिविर आयोजन, कचरा निपटान हेतु एक माह में नगर पालिका आलोट द्वारा संग्रहण कर ट्रेंचिंग ग्राउंड तक पहुंचाने, बालिका छात्रावास हेतु तार फेंसिंग का एस्टीमेट तैयार करने तथा सांसद निधि से अभिभावकों के लिए शेड निर्माण के निर्देश दिए गए। साथ ही वन विभाग को सामाजिक वानिकी अंतर्गत 5000 पौधरोपण के निर्देश भी प्रदान किए गए।

विद्यालय को बड़ी सौगात देते हुए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक निर्माण की सहमति प्रदान की गई तथा संबंधित विभाग को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों को डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन, विशेष पुस्तकों का चयन कर पढ़ने की आदत विकसित करने, पुस्तकालय का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने तथा विषय शिक्षकों द्वारा पूर्ण डिजिटल अध्ययन कराने के निर्देश भी दिए।
विद्यालय प्रबंधन, सलाहकार एवं जिला स्तरीय मेस समिति की बैठक में सांसद प्रतिनिधि नंदन जैन, एसडीएम आलोट रचना शर्मा, ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी देवेन्द्र मौर्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिलीप शर्मा, खाद्य आपूर्ति अधिकारी कादंबरी ढकाते, एसडीओ सड़क लोक निर्माण विकास कनेश, एसडीओ भवन लोक निर्माण कृष्णकांत यूईके, प्राचार्य शासकीय कॉलेज आलोट शिक्षाविद ऋषि कुमार शर्मा, प्राचार्य सांदीपनी विद्यालय आलोट फिरोज खान, विद्यालय अभिभावक परिषद सदस्य श्रवण सिंह राठौड़ एवं गीता नंदनवार उपस्थित थे।
बैठक के पश्चात खेल मैदान पर अंतरराष्ट्रीय मानक आधारित आईसीआईसीआई फाउंडेशन द्वारा निर्मित हैंडबॉल एवं वॉलीबॉल सिंथेटिक कोर्ट का उद्घाटन कलेक्टर मिशा सिंह द्वारा किया गया।
उद्घाटन अवसर पर जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारियों के साथ आईसीआईसीआई फाउंडेशन के रीजनल हेड अर्पित सांखला, प्रोजेक्ट मैनेजर सुधीर जैन, डेवलपमेंट ऑफिसर श्वेता मोहिते एवं स्थानीय शाखा प्रबंधक सत्यनारायण दांगी उपस्थित रहे। आईसीआईसीआई फाउंडेशन के अधिकारियों को विद्यालय प्रबंधन अध्यक्ष मिशा सिंह द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।


