आलोट। धुलेटी के पावन अवसर पर धरोला स्थित भगवान श्री अनादि कल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आस्था और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला। सायंकाल मंदिर प्रांगण में पारंपरिक ‘चूल’ का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

धधकते अंगारों पर नंगे पैर चलते श्रद्धालुओं के कदमों में अटूट श्रद्धा और चेहरे पर भोलेनाथ के प्रति अटूट विश्वास साफ झलक रहा था। “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने अग्नि पथ पर चलकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की और भगवान श्री अनादि कल्पेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। आयोजन के दौरान व्यवस्था समिति के सदस्यों एवं पुलिस प्रशासन ने व्यवस्थाएं संभालीं। धुलेटी के इस विशेष आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का वातावरण बना दिया।

