
आलोट। नगर के कुबेरेश्वर धाम महादेव मंदिर में अष्टमी के पावन अवसर पर भक्ति और उत्साह से भरपूर फाग उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कुबेरेश्वर धाम महादेव मंदिर समिति आलोट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान श्याम सुंदर और भगवान शिव के मिलन की भावपूर्ण प्रस्तुति भक्ति संगीत के माध्यम से दी जाएगी।

कार्यक्रम में वाराणसी से पधार रही श्रीराम परिवार की उपाध्यक्ष साध्वी अर्पणा की मेमरिया द्वारा भक्ति संगीत के साथ फाग उत्सव की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी। भक्ति रस से सराबोर इस आयोजन में होली के पारंपरिक फाग गीतों के माध्यम से भगवान की आराधना की जाएगी, जिससे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि फाग उत्सव के दौरान भगवान के विशेष श्रृंगार और भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है।
कुबेरेश्वर धाम महादेव मंदिर समिति ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भक्ति और उत्साह से भरे फाग उत्सव में शामिल हों तथा आयोजन को सफल बनाएं।


