
आलोट। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर स्थानीय तहसील परिसर में गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण एवं सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने विषम परिस्थितियों में रहकर भी देश को एक मजबूत संविधान दिया और समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार पहुंचाने का कार्य किया। उनका जीवन हर व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है।

डॉ. मालवीय ने कहा कि आज के दौर में बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे समाज में समरसता, समानता और भाईचारा मजबूत हो सके। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से शिक्षा को अपनाने और समाज के उत्थान में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि कालू सिंह परिहार, एसडीएम आलोट रचना शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ पूजा गुप्ता, मंडल अध्यक्ष गोपाल दांगी, शैलेश आँचलिया, बद्रीलाल टेलर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण रहा।
