
आलोट। नगर में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन में दहशत का माहौल बन गया है। मुख्य बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सांडों की आपसी लड़ाई और अचानक दौड़ लगाने की घटनाएं आम हो गई हैं। दिनभर राहगीर, दुकानदार और वाहन चालक भय के साये में गुजरने को मजबूर हैं।
स्थिति सबसे अधिक गंभीर ऊपर की टोली क्षेत्र में बताई जा रही है, जहां सांडों का झुंड अक्सर आपस में भिड़ जाता है। कई बार सांडों की लड़ाई के कारण सड़क पर अफरा-तफरी मच जाती है और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बन चुकी है।

रहवासियों ने बताया कि सांडों के कारण बाजार में आने-जाने में डर लगता है, वहीं दुकानदार भी हमेशा सतर्क रहते हैं। कई बार सांड दुकानों के सामने तक पहुंच जाते हैं, जिससे नुकसान की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा सांडों को पकड़कर उचित स्थान पर भेजा जाए, ताकि बाजार और रिहायशी क्षेत्रों में लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचाव हो सके।



