
आलोट। शासकीय महाविद्यालय आलोट में मंगलवार को पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय से अध्ययन पूर्ण कर चुके पूर्व छात्रों ने वर्तमान विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्रवेश द्वार पर पूर्व छात्रों के स्वागत के साथ हुई, जहां दिव्या पाटीदार एवं रक्षा पाटीदार ने तिलक लगाकर तथा पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात कक्ष क्रमांक चार में सभी अतिथियों को आमंत्रित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र पर पूर्व छात्र परिषद के पदाधिकारियों एवं महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा पूजन-अर्चन किया गया।

कार्यक्रम में विमलेश सोनी ने परिषद के पदाधिकारियों का परिचय दिया। इसके पश्चात गौरव भैसोटा ने स्वागत भाषण देते हुए परिषद की गतिविधियों से अवगत कराया। सम्मेलन में पूर्व छात्र परिषद के कोषाध्यक्ष मकबूल मुल्तानी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को गुरुजनों के सम्मान और उनके मार्गदर्शन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में मिलने वाली सुविधाओं और अवसरों का सही उपयोग कर अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
पूर्व छात्र परिषद के अध्यक्ष योगेश सोलंकी ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया। वहीं योगेश जांगीड ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र पाल ऋषि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को अपनी योग्यता, अनुभव और लक्ष्य के आधार पर अपने भविष्य का निर्माण करना चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व छात्र लखन सिंह सोलंकी ने महाविद्यालय के प्रति अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि यहां प्राप्त शिक्षा और मार्गदर्शन के कारण ही वे आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित हुए। वहीं आयुष शर्मा ने भी महाविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यहां के अध्ययन ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में पूर्व छात्र विशाल पोरवाल, भविष्य डामेचा, कैलाश सिंह सिसोदिया, पूजा सांखला, महेश रागी, हर्षिता सहित कई पूर्व छात्र उपस्थित रहे। इस दौरान महाविद्यालय के डॉ. संजय सिंह सोलंकी, मंजुलता चौधरी, डॉ. विक्रम सिंह गहलोत, डॉ. बी.एस. गुप्ता, संदीप सांखला, अमित गुप्ता, सरला अखंड, मनीष झाला, विमलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

