आलोट। नगर में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और रिफिलिंग की शिकायतों के बीच शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 2 नागेश्वर रोड स्थित मेवातीपुरा क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वाजिद अलगनी के यहां से गैस रिफिलिंग में उपयोग होने वाली मशीन सहित 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। टीम ने मौके पर पंचनामा बनाकर सामग्री को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। टीम के पहुंचते ही मौके पर जांच की गई, जहां गैस रिफिलिंग में उपयोग होने वाली मशीन और घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार हेमलता डिंडोर, फूड इंस्पेक्टर कदंबनी धाकते , जिला खाद्यान्न अधिकारी कमलेश जमारे ,पटवारी स्वागत दुबे , राहुल मूलचंदानी तथा राजुल पटेल सहित प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी करते हुए पंचनामा तैयार किया।

इसी कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम ने नगर के रोहिणी ढाबे पर भी जांच की। जांच के दौरान ढाबे से एक कमर्शियल गैस सिलेंडर तथा दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है, जिस पर पंचनामा बनाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
फूड इंस्पेक्टर कदंबनी धाकते ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग और रिफिलिंग करना कानूनन अपराध है तथा इस तरह की गतिविधियों पर प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है। नगर में ऐसी शिकायतें मिलने पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि घरेलू गैस का दुरुपयोग रोका जा सके और किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका से बचाव हो सके।


