
आलोट-विक्रमगढ़ फाटक क्रमांक 21 पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB-21) निर्माण को लेकर चल रहे विरोध और बंद के आह्वान के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि निर्माण प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।

जारी प्रेस नोट के अनुसार यह ओवरब्रिज पूर्णतः रेलवे के व्यय से निर्मित किया जाएगा। निर्माण में विलंब का मुख्य कारण रेलवे के नए नियम (USSOR-2021) के तहत बजट एवं डिजाइन में किया गया संशोधन रहा। संशोधित जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (GAD) को लोक निर्माण विभाग एवं रेलवे द्वारा 11 जून 2025 को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

प्रशासन ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। धारा 20ए की अधिसूचना के बाद धारा 20ई के लिए 1 अप्रैल 2026 को ई-गजट पोर्टल पर प्रस्ताव अपलोड किया गया है। वहीं टेंडर प्रक्रिया में तकनीकी बोली पूर्ण हो चुकी है तथा वित्तीय बोली की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

प्रशासन के अनुसार 15 अप्रैल 2026 तक निर्माण कार्य हेतु कार्यादेश (लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस) जारी होने की संभावना है, जिससे लंबे समय से फाटक पर जाम की समस्या से जूझ रहे आमजन को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।


