
आलोट। महाशिवरात्रि, होली, धुलेटी एवं रमजान माह को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आलोट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में तहसीलदार पंकज पवैया, थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भावना के प्रतीक हैं। त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
इस अवसर पर नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। बैठक में उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।



