आलोट क्षेत्र के ग्राम भूतिया स्थित खेत में अचानक आग लगने से गेहूं की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई। जानकारी के अनुसार खेत गंगा हॉस्पिटल के डॉ. विनोद पाटीदार का बताया जा रहा है। खेत में अचानक धुआं और लपटें उठती देख आसपास के रहवासी और किसान तुरंत मौके पर पहुंचे तथा अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

ग्रामीणों ने पानी, मिट्टी और टहनियों की सहायता से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते गेहूं की खड़ी फसल आग की चपेट में आ गई। इससे खेत में खड़ी फसल को काफी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलने पर ताल नगर परिषद की फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के अन्य खेतों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
समाचार लिखे जाने तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि इस समय खेतों में सूखी फसल होने के कारण थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। किसानों की सालभर की मेहनत खेतों में खड़ी फसल के रूप में होती है, ऐसे में आग जैसी घटनाएं उनके लिए भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन जाती हैं।
ने किसानों से अपील की है कि फसल के मौसम में खेतों के आसपास आग जलाने या ज्वलनशील वस्तुओं का उपयोग करने में सावधानी बरतें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके और किसानों की मेहनत सुरक्षित रह सके।



