
आलोट। नगर के प्रमिलागंज क्षेत्र में सोमवार रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान गोली चलने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने कथित रूप से नशे की हालत में अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया, जिसमें पड़ोस में रहने वाला एक युवक घायल हो गया।

थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि प्रमिलागंज निवासी श्याम नायक पिता अमर सिंह नायक अपने घर पर जन्मदिन मना रहा था। इस दौरान उसने शराब का सेवन भी कर रखा था। इसी बीच किसी बात को लेकर उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। गोली के छर्रे सामने रहने वाले रोहित नायक पिता कालू नायक (उम्र लगभग 18 वर्ष) के दोनों पैरों में लग गए, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन घायल युवक को उपचार के लिए नगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी श्याम नायक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली है तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पूरे मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी एकत्र की जा रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा।

