
आलोट। रंग पंचमी के पावन पर्व पर नगर परिषद आलोट के तत्वावधान में नगर में पारंपरिक रंगारंग गेर निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नगरवासियों के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। गेर के दौरान पूरे नगर में उत्सव का माहौल देखने को मिला और बच्चे व युवा ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते नजर आए।

गेर की शुरुआत लाल माता मंदिर से हुई, जो जूना बाजार, विट्ठल मंदिर, राजेन्द्र चौक, संजय चौक से होते हुए जगदेवगंज पहुंची और अंत में नगर परिषद परिसर में आकर समाप्त हुई। गेर जिस मार्ग से गुजरी, वहां नागरिकों के साथ बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

नगर परिषद द्वारा गेर के दौरान फायर ब्रिगेड के माध्यम से रंगीन पानी की बौछार की गई, जिससे वातावरण पूरी तरह रंगमय हो गया। वहीं नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारियों सहित गेर में शामिल लोगों ने हाथों से गुलाल उड़ाकर पूरे माहौल को रंगों से सराबोर कर दिया।

गेर में मंडल आलोट अध्यक्ष दिलीप सिंह डोडिया , नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक जैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश कोठारी, पार्षद विक्रम सिंह आंजना, पार्षद अनिल भरवा सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

गेर के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान एसडीएम रचना शर्मा, एसडीएम पल्लवी गौर , नायब तहसीलदार तथा थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम सहित पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। रंग पंचमी के इस आयोजन में नगरवासियों ने आपसी भाईचारे और उल्लास के साथ पर्व का आनंद लिया।


