
आलोट। नगर के अति प्राचीन धार्मिक स्थल अनादि कल्पेश्वर महादेव मंदिर, धरोला प्रांगण में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला पारंपरिक चुल उत्सव इस वर्ष तिथि परिवर्तन के साथ मनाया जाएगा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 मार्च 2026, मंगलवार पूर्णिमा को आयोजन प्रस्तावित था, लेकिन उसी दिन चंद्र ग्रहण होने के कारण विद्वान ब्राह्मणों एवं ज्योतिषाचार्यों की सहमति से आयोजन एक दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
धर्मशास्त्रों के अनुसार 3 मार्च को प्रातः 6.30 बजे से ग्रहण सूतक प्रारंभ हो जाएगा तथा सायं 6.47 बजे तक ग्रहण काल रहेगा। इस दौरान मंदिर के पट बंद रहेंगे और नियमित पूजन-अर्चन व आरती संपन्न नहीं हो सकेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से 4 मार्च 2026, बुधवार प्रतिपदा को प्रातःकाल स्नान, पूजन, दान एवं होली मिलन समारोह के साथ पारंपरिक चुल आयोजन करने का निर्णय लिया गया।
ज्योतिषाचार्य जितेंद्र कृष्ण शास्त्री, गोपाल कृष्ण शास्त्री, जगदीश आचार्य, रंजीत ज्योतिषाचार्य, पुजारी अनिल रावल, शंभू दयाल रावल, अंकित रावल, राजकुमार रावल, अर्जुन रावल, जितेंद्र रावल एवं संत कमल दास जी बैरागी सहित रावल पुजारी परिवार के सदस्यों ने सामूहिक विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया।
मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से नवीन तिथि 4 मार्च, बुधवार को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।



