
आलोट। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई तरुण खटीक की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस जघन्य वारदात के विरोध में आलोट सहित पूरे मालवा अंचल में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला।

मंगलवार को क्षत्रिय खटीक समाज कल्याण समिति एवं मालवा खटीक सेना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजजन एकजुट होकर सड़कों पर उतरे और जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।
समाजजनों ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और उन्हें सीधे फांसी की सजा दी जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि ऐसा न्याय चाहिए जो समाज के लिए मिसाल बने। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता एवं परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई।
आक्रोशित समाज ने चेतावनी देते हुए कहा कि आरोपियों की अवैध संपत्तियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की दरिंदगी करने से पहले सौ बार सोचे। वक्ताओं ने कहा कि इस घटना ने न केवल दलित समाज बल्कि हर वर्ग के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
रैली खटीक मोहल्ले से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कारगिल चौराहे तक पैदल निकाली गई, जहां नायब तहसीलदार हेमलता डिंडोर को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन का समापन किया गया।
ज्ञापन में खटीक समाजजन एवं महिला मंडल के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए एकजुटता का परिचय दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में युवा, वरिष्ठजन एवं समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम में समाज का आक्रोश साफ तौर पर नजर आया। प्रशासन ने
ज्ञापन स्वीकार कर उसे शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, वहीं समाजजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।


